आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आदित्यपुर नगर निगम पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा खरकाई नदी के विभिन्न छठ घाटों पर युद्ध स्तर पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान का नेतृत्व स्वयं नगर निगम के महापौर संजय सरदार, उप महापौर अंकुर सिंह और नगर आयुक्त एजाज अनवर कर रहे हैं। इनके साथ ही कार्यकारी अधिकारी (एक्जीक्यूटिव) पंकज झा और सिटी मैनेजर रोबिन, रवि भारती भी धरातल पर उतरकर तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं।

प्रमुख घाटों पर चल रहा सफाई कार्य
निगम की टीम द्वारा खरकाई नदी के प्रमुख घाटों जयप्रकाश उद्यान छठ घाट, 32 नंबर काली मंदिर छठ घाट, कुलुपटांगा घाट सहित क्षेत्र के अन्य सभी छोटे-बड़े नदी घाटों की युद्ध स्तर पर सफाई की जा रही है। घाटों के मार्ग से झाड़ियों को हटाने, कचरा साफ करने और समतलीकरण का काम तेजी से चल रहा है।
35 वार्डों के पार्षद और सफाईकर्मी जुटे
महापर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में आदित्यपुर नगर निगम के सभी 35 वार्डों के पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। निगम के सैकड़ों सफाई कर्मी दिन-रात मेहनत कर घाटों को चमकाने में जुटे हुए हैं।
महापौर और अधिकारियों ने दिया निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर संजय सरदार और नगर आयुक्त एजाज अनवर ने अधिकारियों और सफाई सुपरवाइजरों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा, लाइटिंग (रोशनी) और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मुकम्मल व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाएगी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय छठ व्रतियों और कमेटियों में काफी हर्ष है।

















Leave a Reply