JHAHIN/2014/58773

9 सूत्री मांगों को लेकर रामकृष्णा कास्टिंग यूनिट-9 के मजदूरों ने किया काम बंद, कंपनी गेट पर दिया धरना

Spread the love

 गम्हरिया में मजदूरों का हल्ला बोल, न्यूनतम मजदूरी और वेतन वृद्धि की मांग, जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी ने दिया समर्थन

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामकृष्णा कास्टिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड यूनिट-9 में सोमवार को मजदूरों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर काम बंद कर कंपनी के मुख्य गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह से ही सैकड़ों मजदूर हाथों में मांग पत्र लिए नारेबाजी करते हुए गेट पर बैठ गए और प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया।

मजदूरों की प्रमुख मांगों में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी लागू करना, वार्षिक वेतन वृद्धि, ओवरटाइम पर दोगुनी मजदूरी, राष्ट्रीय अवकाश के दिन काम कराने पर दोगुना वेतन, ठेका कर्मचारियों को हर माह 7 तारीख तक वेतन भुगतान और वेतन पर्ची देना शामिल है। इसके अलावा बिना उचित कारण के नौकरी से नहीं हटाने, हटाने से पहले नोटिस देने, बेरोजगारी भत्ता देने और कंपनी परिसर में आने-जाने की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई।

मजदूरों ने प्रबंधन को मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपील की है। मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी मांगों को लेकर प्रबंधन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

धरना स्थल पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पूर्व सरायकेला विधानसभा प्रत्याशी प्रेम मार्डी पहुंचे और मजदूरों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगें जायज हैं और प्रबंधन को गंभीरता से विचार कर उचित समाधान करना चाहिए।

फिलहाल कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच वार्ता का प्रयास जारी है, लेकिन मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!