जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर आदित्यपुर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर को आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील व प्रमुख छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल ने जयप्रकाश उद्यान घाट, साँपड़ा दोमुहानी घाट, गौरी घाट, मांझी टोला घाट तथा सालडीह बस्ती स्थित घाटों का भ्रमण कर जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों, पूजा समितियों के सदस्यों व प्रबुद्ध जनों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड की स्थिति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए पार्किंग स्थल तथा नदी में सुरक्षा हेतु कुशल गोताखोरों की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। स्थानीय लोगों ने घाटों की सफाई और पहुंच पथ की मरम्मत को लेकर अपनी मांगें रखीं।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण में चिन्हित सभी समस्याओं और आवश्यक बुनियादी ढांचे से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि समय रहते नगर निगम व संबंधित विभागों के समन्वय से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें। उन्होंने आमजन से भी पर्व के दौरान शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
















Leave a Reply