महिला उद्यमिता एवं वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने की पहल की सराहना
जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा दीपावली के अवसर पर शहरवासियों को खरीदारी के लिए एक आकर्षक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर का उद्घाटन सोमवार को चैंबर भवन में किया गया।

उद्घाटन चैंबर के पूर्व अध्यक्षों की पत्नियों शारदा केडिया, प्रभा अग्रवाल, मंजू कांवटिया, सविता संथालिया एवं बबीता मुनका ने चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, पूर्व अध्यक्ष उमेश कांवटिया, सुरेश संथालिया, उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी तथा महासचिव पुनीत कांवटिया के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने, महिलाओं को अपने उत्पादों एवं व्यावसायिक प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने तथा वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त बनाने के चैंबर के प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार, पारंपरिक कला एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। दीपावली ट्रेड फेयर के माध्यम से चैंबर का प्रयास है कि शहरवासियों को एक ही स्थान पर त्योहार से संबंधित विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध हों और स्थानीय व्यापारियों, महिला उद्यमियों तथा छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री का बेहतर अवसर मिले। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चैंबर भविष्य में भी व्यापार एवं उद्योग के विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों को आगे बढ़ाता रहेगा।














Leave a Reply