JHAHIN/2014/58773

एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता तीन हॉकी खिलाड़ियों को दक्षिण पूर्व रेलवे ने किया सम्मानित

Spread the love

सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग की उपलब्धियों पर जताया गर्व

कोलकाता। भारतीय महिला हॉकी टीम की एशियाई खेलों में शानदार जीत में अहम भूमिका निभाने वाली दक्षिण पूर्व रेलवे की तीन खिलाड़ियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। गार्डनरीच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय में आयोजित समारोह में भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

तीनों खिलाड़ियों ने 20वें एशियाई खेल, आइची-नागोया 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया था। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत के साथ खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला हॉकी की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल ने दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।

समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ (सेरसा) के अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने तीनों खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि वे भविष्य में भी अपने प्रदर्शन से भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और देश का मान बढ़ाने में योगदान देती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!