JHAHIN/2014/58773

टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन का 29 नवंबर को, ‘हरित भविष्य’ के संदेश के साथ दौड़ेंगे धावक

Spread the love

हर पंजीकृत प्रतिभागी के नाम पर लगाया जाएगा एक पौधा, 9.18 लाख रुपये की पुरस्कार राशि; 15 नवंबर तक पंजीकरण कराने पर मिलेगी व्यक्तिगत रेस बिब की सुविधा

जमशेदपुर। शहर में फिटनेस, खेल और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा स्टील ने टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन के 11वें संस्करण की घोषणा की है। टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन का आयोजन 29 नवंबर को किया जाएगा। यह जानकारी टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम ने आज जेआरडी में आयोजिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘रन फॉर द ग्रीनर टुमॉरो’ (हरित भविष्य के लिए दौड़) रखी गई है। इसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 9.18 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।

टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन पिछले एक दशक में शहर के प्रमुख खेल आयोजनों में अपनी पहचान बना चुकी है। इस आयोजन में हर साल धावकों, फिटनेस प्रेमियों, परिवारों और विभिन्न संस्थानों की भागीदारी बढ़ रही है। मैराथन के 10वें संस्करण में 4,200 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था, जो शहर में दौड़ और फिटनेस के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।

हर प्रतिभागी के नाम पर लगेगा एक पौधा

इस वर्ष मैराथन की सबसे खास पहल पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी है। आयोजन में पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक प्रतिभागी के नाम पर एक पौधा लगाया जाएगा। प्रतिभागियों को बाद में पौधरोपण स्थल पर जाकर अपने सामूहिक योगदान को देखने का अवसर भी दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य मैराथन को केवल एक दिन का खेल आयोजन न रखकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा दीर्घकालिक अभियान बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!