मेदिनीपुर : दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हाल ही में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में मेदिनीपुर डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 52 पदक अपने नाम किए। इनमें 24 स्वर्ण, 21 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय ने पश्चिम बंगाल के स्कूलों के बीच सर्वाधिक पदक जीतकर जोन में प्रथम स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता में देश के 20 जोन से करीब 20 हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। पश्चिम बंगाल जोन से 22 स्कूलों के लगभग 600 विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला था। इनमें मेदिनीपुर डीएवी पब्लिक स्कूल के 39 छात्र-छात्राओं ने तैराकी, क्रिकेट, बास्केटबॉल, कराटे और एथलेटिक्स सहित पांच खेल विधाओं में हिस्सा लेकर यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा ऐशानी सरकार का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उसने तैराकी की सात अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लिया और सभी सातों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पश्चिम बंगाल का भी गौरव बढ़ा है। छात्र-छात्राओं की इस सफलता पर आगामी 2 नवंबर को विद्यालय परिसर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एनके गौतम प्रार्थना सभा के दौरान सभी सफल खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगे भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में मेदिनीपुर डीएवी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 52 पदक जीते














Leave a Reply