जमशेदपुर। कृषि बाजार समिति प्रांगण में शुक्रवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक भालोटिया की अध्यक्षता में व्यापारियों की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 1 नवंबर से दुकान/गोदाम का भाड़ा 4 रुपये से बढ़ाकर 9 रुपये करने के एकतरफा आदेश का पुरजोर विरोध किया गया।
व्यापारियों ने सर्वसम्मति से कहा कि 120% की यह वृद्धि पूरी तरह नाजायज, अवैध और अस्वीकार्य है। व्यापारियों का आरोप है कि बाजार समिति की स्थिति दयनीय है, दुकानें और गोदाम मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। बोर्ड के पास पर्याप्त फंड होने के बावजूद विगत कई वर्षों से विकास और मरम्मत कार्य ठप हैं।
व्यापारियों ने बताया कि वर्ष 2017 की अधिसूचना के अनुसार हर 3 साल पर व्यापारियों को विश्वास में लेकर अधिकतम 10% भाड़ा वृद्धि की बात कही गई थी, लेकिन बोर्ड ने बिना विचार-विमर्श के एकतरफा 120% वृद्धि कर दी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार(31 अक्टूबर) से बाजार समिति के सभी व्यापारी काला बिल्ला लगाकर व्यापार करेंगे। इसके अलावा झारखंड की सभी बाजार समितियों से समन्वय स्थापित कर फेडरेशन चेंबर और सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सहयोग से चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है।
बैठक में दिलीप अग्रवाल, करण ओझा, भीमसेन शर्मा, मनोज बागड़ी सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद थे।















Leave a Reply