झाड़ग्राम । वन विभाग में स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में झाड़ग्राम थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के नेता अजीत महतो को गिरफ्तार किया है। अजीत महतो 2026 के विधानसभा चुनाव में गोपीबल्लभपुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी थे। पुलिस ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को आरोपी को अदालत में पेश कर 14 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की। पुलिस के अनुसार, झाड़ग्राम के बाछुरडोबा निवासी सजल दास (24) ने इस संबंध में झाड़ग्राम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अजीत महतो ने अपने राजनीतिक प्रभाव और राज्य सरकार के उच्च पदस्थ अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा करते हुए उसे वन विभाग में स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।

इस आश्वासन पर विश्वास कर शिकायतकर्ता ने दिसंबर 2024 से मार्च 2026 के बीच चार किस्तों में आरोपी को कुल 10 लाख रुपये दिए। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली और आरोपी ने रकम भी वापस नहीं की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और दो लाख रुपये अतिरिक्त देने की मांग की गई।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इसी तरह सरकारी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर अन्य बेरोजगार युवकों से भी रुपये वसूले गए हैं।
इस मामले में झाड़ग्राम थाना मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गुरुवार रात आरोपी अजीत महतो को उसके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कथित ठगी में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं, कितने अन्य युवक इसके शिकार हुए हैं और वसूली गई रकम कहां गई है। मामले की जांच जारी है।













Leave a Reply