सरायकेला। जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक गुरुवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिज भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच, अवैध खनिज परिवहन पर निगरानी तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी ने बताया कि 27 सितम्बर से 28 अक्टूबर तक अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई के दौरान लगभग 30,000 सीएफटी बालू की मात्रा दर्ज की गई। उक्त अवधि में ₹8.67 लाख की राशि की वसूली की गई तथा 01 प्राथमिकी/शिकायत दर्ज की गई।
समीक्षा के दौरान गम्हरिया, सापड़ा, ईचागढ़ एवं कुकड़ू समेत जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन, खनिज भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिए नियमित जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं नदी घाटों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों से बालू के अवैध उठाव एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संबंधित अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध बालू एवं पत्थर उत्खनन तथा खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्ययोजना तैयार कर संयुक्त रूप से नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित मामलों में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने तथा संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में संवेदनशील मार्गों एवं खनिज परिवहन के संभावित रास्तों पर नियमित जांच करने तथा आवश्यकता के अनुसार संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।














Leave a Reply