दुमका को आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की मिलेगी सौगात, मिलेगी फ्री ऑनलाइन कोचिंग
पुस्तकालय में किताबों के साथ एआई और कोडिंग भी सीखेंगे दुमका के युवा
दुमका। पुराना समाहरणालय सभागार अब एक ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बन चुका है। कभी अनुपयोगी पड़े इस सरकारी भवन को अब एक बेहद आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त पुस्तकालय के रूप में नया जीवन दिया गया है। झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जिसोवा) और जिला प्रशासन की इस संयुक्त एवं अनूठी पहल का ऑनलाइन लोकार्पण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को करेंगे। यह पुस्तकालय दुमका के युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए शिक्षा, नवाचार और उज्जवल भविष्य का एक नया केंद्र बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
किताबों के संसार के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
यह केंद्र पारंपरिक पुस्तकालयों से बिल्कुल अलग है। यहां साहित्य, विज्ञान, इतिहास और दर्शन जैसे विषयों की समृद्ध किताबों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हर जरूरी अध्ययन सामग्री, किताबें और पत्रिकाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस पुस्तकालय की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि यहां एक साथ 100 से अधिक पाठक बैठकर शांति से अध्ययन कर सकते हैं। पाठकों के आराम और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां आधुनिक फर्नीचर, आरामदायक बीन बैग्स, शुद्ध पेयजल, निःशुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई और आकर्षक वॉल ग्राफिक्स लगाए गए हैं। इसका पूरा परिवेश किसी आधुनिक कैफे जैसा अहसास कराता है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए एक बेहद सहज और खुशनुमा माहौल मिल सके।
डिजिटल लर्निंग लैब से घर बैठे मिलेगी देश की बेहतरीन कोचिंग
इस पुस्तकालय का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी अत्याधुनिक डिजिटल लर्निंग लैब है। यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित ऑनलाइन कोचिंग संस्थानों की कक्षाओं से सीधे जुड़ सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा प्रमुख कोचिंग संस्थानों के पाठ्यक्रमों का सब्सक्रिप्शन लिया गया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और संसाधन विहीन छात्र भी एक ही छत के नीचे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह सुविधा एक बड़ा वरदान साबित होगी।
भविष्य की तकनीक: एआई और कोडिंग से जुड़ेंगे युवा
वक्त की मांग को देखते हुए पुस्तकालय में कंप्यूटर और लैपटॉप सहित कई डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। यहां आने वाले युवाओं को न सिर्फ ऑनलाइन शिक्षा मिलेगी, बल्कि वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अध्ययन और कोडिंग जैसी भविष्य की तकनीकों से भी रूबरू हो सकेंगे। इसके जरिए युवा नए जनोपयोगी एप्लीकेशंस विकसित करने के गुर भी सीख पाएंगे। ज्ञान और आधुनिक तकनीक का यह अनूठा संगम युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल दुनिया की असीम संभावनाओं से जोड़ने का काम करेगा।
हर उम्र के पाठकों के लिए ज्ञान का नया ठिकाना
प्रशासन और जिसोवा की इस कोशिश ने न केवल एक खाली पड़े सरकारी भवन का बेहतरीन सदुपयोग किया है, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक अनमोल सौगात दी है। यह पुस्तकालय केवल युवाओं या छात्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहाँ बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक, हर आयु वर्ग के लोग अपनी रुचि के अनुसार आकर पढ़ सकेंगे। दुमका के शैक्षणिक और कौशल विकास के इतिहास में इसे एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। अब इस शानदार केंद्र का नियमित और सुचारू संचालन ही इसकी असली सफलता और उपयोगिता को तय करेगा।
















Leave a Reply