JHAHIN/2014/58773

सतर्कता सप्ताह में रेल अधिकारियों ने सुनीं विक्रेताओं की समस्याएं

Spread the love

खड़गपुर । दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। साथ ही विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान के लिए बैठक आयोजित कर निविदा प्रक्रिया और बिल भुगतान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।


मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने डीआरएम कार्यालय परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सरकारी कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों के पालन पर जोर दिया।
इसी क्रम में मंडल के स्टोर्स विभाग की ओर से आयोजित विक्रेता बैठक सह शिकायत निवारण बैठक में करीब 15-16 विक्रेताओं ने हिस्सा लिया। वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक जयंत मेधी, सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक सैमुअल टोप्पो और सहायक मंडल वित्त प्रबंधक सुशांत बंद्योपाध्याय की मौजूदगी में विक्रेताओं ने निविदा प्रक्रिया और बिल भुगतान में आने वाली कठिनाइयों को सामने रखा।
रेल अधिकारियों ने शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और भुगतान में होने वाली देरी दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए संबंधित प्रक्रियाओं को कंप्यूटरीकृत किया गया है।
विक्रेताओं से अधिक संख्या में निविदाओं में भाग लेने की अपील भी की गई, ताकि प्रतिस्पर्धी दरों पर आवश्यक सामग्री की खरीद सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि खड़गपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से रेलवे प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!