JHAHIN/2014/58773

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हस्तक्षेप से नौ साल बाद किसान के खेत तक पहुंची बिजली

Spread the love

झाड़ग्राम। झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हस्तक्षेप से गोपीबल्लभपुर-2 ब्लॉक के कुलियाना गांव के किसान श्रीकांत महापात्र को नौ साल बाद अपने खेत में बिजली कनेक्शन मिल गया। बिजली आपूर्ति के लिए सात खंभे लगाए गए। मंगलवार को खेत तक बिजली पहुंचने के बाद बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले का निपटारा कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, श्रीकांत ने कुलियाना मौजा स्थित अपनी कृषि भूमि पर सरकारी आर्थिक सहायता से मिनी पंप लगाया था। खेत में सिंचाई के लिए अन्य व्यवस्था उपलब्ध थी, लेकिन वह काफी महंगी पड़ती थी। ऐसे में मिनी पंप के लिए बिजली कनेक्शन जरूरी था। श्रीकांत का आरोप था कि उन्होंने करीब नौ साल पहले गोपीबल्लभपुर विद्युत आपूर्ति कार्यालय में नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन बार-बार विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसके बाद उन्होंने स्थानीय अधिकार मित्र रीता दास दत्ता से संपर्क किया। उनके माध्यम से श्रीकांत ने पिछले साल दिसंबर में झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश रीहा त्रिवेदी के समक्ष लिखित आवेदन दिया। इसके आधार पर प्री-लिटिगेशन मामला दर्ज किया गया।

मामले की सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने गोपीबल्लभपुर विद्युत आपूर्ति कार्यालय के स्टेशन मैनेजर को तलब किया। सुनवाई के बाद विद्युत विभाग के सहयोग से मंगलवार को सात बिजली खंभे लगाकर श्रीकांत के खेत तक नया कनेक्शन पहुंचाया गया। बुधवार को दोनों पक्षों की उपस्थिति में मामले का निपटारा हुआ।

बिजली कनेक्शन मिलने पर श्रीकांत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नौ साल पुरानी समस्या का समाधान उन्हें बिना किसी खर्च के मिल गया। उनके अनुसार, इस कनेक्शन से इलाके में करीब 50 एकड़ कृषि भूमि के मालिकों को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!