अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 57 स्टेशनों का हो रहा पुनर्विकास, हावड़ा-खड़गपुर-चाकुलिया-टाटानगर रेलखंड पर चार लाइन विस्तार का कार्य जारी
जमशेदपुर। झारखंड में रेलवे के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने रेल बजट आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि की है। रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड में रेलवे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के लिए रेलवे बजट आवंटन ₹450 करोड़ से बढ़ाकर ₹7,500 करोड़ कर दिया गया है। यह पहले की तुलना में लगभग 16 गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि झारखंड में करीब ₹75,000 करोड़ की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं से रेलवे की आधारभुत संरचना मजबूत होने के साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के 57 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें गोड्डा, गोविंदपुर रोड, लोहरदगा, मधुपुर और मुरी सहित कई स्टेशनों पर पुनर्विकास का काम पूरा हो चुका है। स्टेशन पुनर्विकास के तहत यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसरों को बेहतर बनाने और रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
हावड़ा-टाटानगर रेलखंड पर चार लाइन विस्तार
रेलवे अवसंरचना के विस्तार की जानकारी देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि हावड़ा, खड़गपुर, चाकुलिया और टाटानगर को जोड़ने वाले रेलखंड पर चार लाइन विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना से रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने, ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने और भविष्य में बढ़ते यातायात के दबाव को संभालने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस रेलखंड का झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रेल संपर्क तथा यात्रियों की आवाजाही के लिहाज से विशेष महत्व है।
देशभर में 1,300 से अधिक स्टेशनों का पुनर्विकास
रेल मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने का काम जारी है। इस योजना के तहत 1,300 से अधिक स्टेशनों को पुनर्विकास के लिए चुना गया है। पश्चिम बंगाल में भी सांतरागाछी, जलपाईगुड़ी रोड, जयचंडी पहाड़, हल्दिया और कामाख्यागुड़ी सहित कई स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।

















Leave a Reply