घाटशिला। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में गुरुवार को घाटशिला प्रखंड के कीताडीह गांव में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर सतर्कता जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक कर भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन बंगला विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंजना बनर्जी के नेतृत्व में किया गया, जबकि समन्वय कृषि विज्ञान विभाग की सहायक अध्यापक सुश्री पतत्रि माली ने किया।
इस अवसर पर NSS कार्यक्रम पदाधिकारी एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने कहा कि सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता विकसित समाज की नींव हैं। भ्रष्टाचार-मुक्त समाज सिर्फ कानून से नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में बदलाव से बनेगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करना चाहिए।
वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के सहायक अध्यापक कुंदन रंजन तिवारी ने कहा कि छोटी-छोटी ईमानदार पहल भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है। यदि हर नागरिक निष्पक्षता से काम करे तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को बताया कि भ्रष्टाचार से विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता और समाज में असमानता बढ़ती है। ग्रामीणों को सत्य बोलने, नियमों का पालन करने और अनैतिक व्यवहार से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” को केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन सिद्धांत बताते हुए सबने भ्रष्टाचार-मुक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लिया।














Leave a Reply