आदित्यपुर। सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। मजदूरों, कर्मचारियों और स्थानीय जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी के नेतृत्व में जियाडा के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि औद्योगिक क्षेत्र की जनसमस्याओं को अब अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए और इनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
जेएलकेएम ने औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करना, वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था और प्रत्येक औद्योगिक जोन में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शामिल है।
इसके साथ ही मजदूरों एवं कर्मचारियों के लिए उचित दर पर कैंटीन की व्यवस्था करने तथा विस्थापितों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। संगठन ने औद्योगिक क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, व्यवस्थित कचरा प्रबंधन और बड़े पैमाने पर पौधरोपण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। 30 दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर जेएलकेएम नेताओं ने आंदोलन करने की चेतावनी जियाडा प्रबंधन को दी।















Leave a Reply