जमशेदपुर। अंचल कार्यालय में अरगोड़ा के राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को राजस्व कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में जमशेदपुर अंचल कार्यालय में भी कर्मचारियों ने एकदिवसीय पेन डाउन कर कामकाज ठप कर दिया।
दरअसल, अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से राज्य भर के राजस्व कर्मचारियों में भारी नाराजगी है, साथ ही भय का माहौल भी बना हुआ है। सुरक्षा का मुद्दा अब महत्वपूर्ण होता जा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान संघ के प्रदेश महामंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि अंचल में एक कर्मचारी की निर्मम हत्या हो जाना और मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होना बेहद चिंताजनक है। इससे राज्य भर के राजस्व कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि संघ इस हत्याकांड की कड़ी निंदा करता है और सरकार से मांग करता है कि मामले में जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मनोज सिन्हा ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो राज्य भर के राजस्व कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
















Leave a Reply