JHAHIN/2014/58773

दीपावली पर दो घंटे ही फोड़ सकेंगे पटाखे, बाजार में पहली बार बिक रहे प्रदूषण मुक्त पटाखे

Spread the love

जिला प्रशासन ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर जारी की गाइडलाइन, दुकानदार का दावा- सुरक्षित पटाखों की बढ़ी मांग, बच्चों और बुजुर्गों को भी मिलेगा आनंद

जमशेदपुर। दीपावली के त्योहार को लेकर जिला प्रशासन ने पटाखे फोड़ने के समय को लेकर गाइडलाइन जारी की है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश के अनुसार, लोग निर्धारित दो घंटे के दौरान ही पारंपरिक पटाखे फोड़ सकेंगे। प्रशासन का यह कदम वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।वहीं, इस बार दीपावली पर जमशेदपुर के बाजार में पहली बार प्रदूषण मुक्त पटाखों की नई श्रृंखला भी देखने को मिल रही है। दुकानदारों का दावा है कि ये पटाखे प्रदूषण को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इनमें सुरक्षा के मानकों का भी विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सुरक्षित तरीके से दीपावली का आनंद उठा सकें।पटाखा कारोबारी आशीष गुलाटी के अनुसार, इस बार बाजार में प्रदूषण मुक्त और सुरक्षित पटाखों की मांग काफी अधिक है। लोगों में भी पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ऐसे पटाखों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि इन पटाखों से प्रदूषण कम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम रहेगी।आशीष गुलाटी का कहना है कि इन पटाखों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन प्रदूषण मुक्त पटाखों को फोड़ने के लिए समय की पाबंदी नहीं है और जिला प्रशासन ने भी इन्हें लेकर मंजूरी दी है।हालांकि, प्रदूषण मुक्त या ग्रीन पटाखे होने के बावजूद इनके इस्तेमाल में सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना जरूरी है। साथ ही, समय की छूट को लेकर दुकानदार के दावे की प्रशासनिक पुष्टि आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!