आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 9 स्थित मीरूडीह में बुधवार को प्रस्तावित कचरा निस्तारण प्लांट को धरातल पर उतारने की दिशा में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के नेतृत्व में पहल की गई।
पूरे शहर में कचरा प्रबंधन की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की एक टीम मौके पर पहुंची और प्लांट का काम शुरू कराने का पुरजोर प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए कड़े विरोध के कारण काम को फिलहाल रोकना पड़ा।

इस अवसर पर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के साथ स्थानीय वार्ड पार्षद दुर्गा चरण बेसरा, पार्षद अंजू सिंह, नथुनी सिंह, सुधीर चौधरी, परितोष बेज के साथ-साथ नगर निगम आयुक्त एजाज अनवर, कार्यपालक अभियंता पंकज झा एवं निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
निगम की योजना वैज्ञानिक विधि से गड्ढा खोदकर और तिरपाल बिछाकर डंपिंग व बाउंड्रीवॉल का कार्य विधिवत शुरू करने की थी ताकि शहर से कचरा उठाने वाली गाड़ियों का परिचालन सुचारू हो सके।
मौके पर ग्रामीणों के विरोध के बीच डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने अपने रुख को प्रमुखता से रखते हुए कहा, “पूरे आदित्यपुर के कचरा निस्तारण के लिए यह जमीन सरकार द्वारा क्यूब कंपनी को विधिवत आवंटित की गई है। यदि हम काम शुरू नहीं होने देंगे, तो सालों-साल समय बर्बाद होगा और शहर की कचरा समस्या कभी हल नहीं होगी। उन्होंने विरोध को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट से प्रदूषण रोकने का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए टीम मौके पर आई थी। ग्रामीणों से बातचीत हुई है और एक-दो दिनों के भीतर वार्ड सभा या जनसुनवाई कर आम सहमति बनाई जाएगी। अंत समय में मौके पर पहुंचे मेयर संजय सरदार ने ग्रामीणों से संवाद किया और कहा कि विकास कार्यों में आने वाली आपत्तियों को बातचीत और सरकारी कागजातों की जांच के माध्यम से दूर किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने संवाद के जरिए हल निकालने का भरोसा देकर स्थिति को शांत कराया है।
















Leave a Reply