चक्रवाती तूफान के कारण 28 अक्टूबर का कार्यक्रम टला, बादाम पहाड़ से पुरी के लिए नई ट्रेन को भी मिलेगी हरी झंडी; विद्युत सज्जा और भगवान जगन्नाथ की कलाकृतियों से सजा स्टेशन
जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले ओडिशा के दो महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनोंबादाम पहाड़ और रायरंगपुर का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। इन दोनों स्टेशनों का उद्घाटन देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। पहले यह कार्यक्रम 28 अक्टूबर को निर्धारित था, लेकिन झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए कार्यक्रम को स्थगित कर अब 4 नवंबर को आयोजित करने की तैयारी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गृह क्षेत्र ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित बादाम पहाड़ और रायरंगपुर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ आधुनिक स्वरूप देने पर जोर दिया गया है।
बादाम पहाड़ स्टेशन को आकर्षक रूप दिया गया
बादाम पहाड़ रेलवे स्टेशन की तस्वीरें इसके नए और आकर्षक स्वरूप को दर्शाती हैं। स्टेशन परिसर को विद्युत सज्जा से रोशन किया गया है। वहीं, भगवान जगन्नाथ की कलाकृतियों के माध्यम से इसे विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने का प्रयास किया गया है। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रेलवे की तैयारियों के बीच अब सबकी निगाहें 4 नवंबर पर टिकी हैं।
बादाम पहाड़ से पुरी के लिए नई ट्रेन की सौगात
इस अवसर पर बादाम पहाड़ से पुरी के लिए प्रस्तावित नई ट्रेन को भी राष्ट्रपति द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने की योजना है। इससे मयूरभंज क्षेत्र के यात्रियों को पुरी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल तक रेल संपर्क की सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह सेवा क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक यात्रा को बढ़ावा देने में भी सहायक हो सकती है।
















Leave a Reply