झाड़ग्राम। ओडिशा से गांजा लाकर पश्चिम मेदिनीपुर के गोआलतोड़ इलाके में बेचने की कथित आरोप में झाड़ग्राम थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। रविवार सुबह करीब 11 बजे कोलाबोनी इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 12 किलो गांजा बरामद किया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सत्यजीत विश्वास (33) के रूप में हुई है। वह गोआलतोड़ थाना क्षेत्र के काकरिश्वर गांव का रहने वाला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद झाड़ग्राम थाना पुलिस ने अभियान चलाकर उसे पकड़ा।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से गांजा खरीदकर गोआलतोड़ में बिक्री के लिए ले जा रहा था। बरामद गांजे की कुल खरीद कीमत 1 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले भी पांच बार गांजा तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस बार कथित तौर पर छठी बार गांजा ले जाने के दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई।
पुलिस आरोपी को 10 दिनों की हिरासत में लेकर पूछताछ करने की मांग के साथ अदालत में पेश करेगी।
















Leave a Reply