JHAHIN/2014/58773

कोलकाता में ढाई सौ साइकिलिस्टों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Spread the love

स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास से श्यामबाजार तक निकली साइकिल रैली, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता पर जोर

कोलकाता (अशोक भद्र)। विश्व ‘कार फ्री डे’ के अवसर पर कोलकाता की सड़कों पर करीब 250 साइकिलिस्टों ने पर्यावरण अनुकूल परिवहन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास से शुरू हुई साइकिल रैली श्यामबाजार पांचमाथा मोड़ पर पहुंचकर संपन्न हुई। वेस्ट बंगाल कम्युनिटी एलायंस, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्लबों, युवा संगठनों, सामाजिक एवं कम्युनिटी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

सुबह करीब आठ बजे प्रतिभागियों का जुटना शुरू हुआ और साढ़े आठ बजे रैली को रवाना किया गया। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए साइकिलिस्ट श्यामबाजार की ओर बढ़े। आयोजकों के अनुसार, कम दूरी की यात्रा में साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देना, प्रदूषण कम करना और नियमित साइकिलिंग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य था।

वेस्ट बंगाल कम्युनिटी एलायंस के पहले बड़े कार्यक्रम के रूप में आयोजित इस रैली में विभिन्न संगठनों की भागीदारी रही। संगठन का उद्देश्य क्लबों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और कम्युनिटी संगठनों को एक साझा नेटवर्क से जोड़कर सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाना है। यह नेटवर्क भाजपा पश्चिम बंगाल के स्पोर्ट्स एंड क्लब रिलेशन सेल की पहल पर तैयार किया गया है। कार्यक्रम में पद्मश्री शिक्षाविद काजी मासूम अख्तर भी उपस्थित रहे। WBCA के संयोजक शुभजीत दत्तगुप्ता ने कहा कि यह केवल साइकिल रैली नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवन और टिकाऊ परिवहन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पर्यावरण, स्वास्थ्य, खेल, युवा और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *