JHAHIN/2014/58773

तेज रफ्तार टेलर की चपेट में आया 25 वर्षीय मजदूर, चालक फरार; वाहन जब्त

Spread the love

जमशेदपुर। शहर में सड़क हादसे पर कब लगेगा विराम यह यक्ष प्रश्न बन गया है। कल देर रात तेज रफ्तार ने एख औऱ जान ले ली। घटना टाटानगर स्टेशन के पास की है। शुक्रवार देर रात टाटानगर स्टेशन के चाईबासा बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार टेलर की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे बागबेड़ा थाना क्षेत्र के स्टेशन मुख्य सड़क पर हुआ।

जानकारी के अनुसार हाता की ओर से आ रहे टेलर संख्या NL01AD-8913 ने सड़क पार कर रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान संजय नगर निवासी कल्लू यादव (25) के रूप में हुई है।

कल्लू स्टेशन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। बताया जाता है कि उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में वह अपने दो भाइयों और एक बहन का सहारा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेलर को जब्त कर लिया है। वाहन पर पन्नू कार्गो मूवर्स लिखा हुआ है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल

लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच रात के समय भारी वाहनों की रफ्तार और यातायात नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गुरुवार को ही मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हुई थी। इसके अगले ही दिन स्टेशन मुख्य सड़क पर एक और युवक की जान चली गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन से हाता की ओर जाने वाले मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति की निगरानी, यातायात नियमों के पालन और संवेदनशील मार्गों पर प्रभावी चेकिंग की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो ऐसी दुर्घटनाओं का सिलसिला थमना मुश्किल होगा। अब पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!