झाड़ग्राम। जिले में आधार संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए वन-स्टॉप आधार समाधान केंद्र स्थापित करने तथा राज्य के दूरदराज और आदिवासी बहुल इलाकों में पर्याप्त आधार सेवा केंद्र व विशेष शिविर लगाने की मांग को लेकर जंगलमहल स्वराज मोर्चा ने सोमवार को राज्यपाल को लिखित आवेदन दिया। जेएसएम के अनुसार, आधार अब विभिन्न सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में महत्वपूर्ण दस्तावेज बन गया है। इसके बावजूद झाड़ग्राम सहित राज्य के कई दूरस्थ क्षेत्रों में पर्याप्त आधार सेवा केंद्र नहीं होने से लोगों को आधार बनवाने, संशोधन और अपडेट कराने में परेशानी हो रही है। संगठन का दावा है कि विशेष रूप से कमज़ोर जनजातीय समूह लोधा – शबर सहित कुछ आदिवासी परिवार अब भी आधार से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
झाड़ग्राम नगरपालिका के वार्ड संख्या 5 के चांदाबिला और भालुकखुलिया इलाके में विशेष रूप से कमज़ोर जनजातीय समुदाय के सौ से अधिक परिवारों के सदस्य अभी भी आधार से वंचित बताए जा रहे हैं। संगठन के मुताबिक, जिले के अन्य दूरदराज प्रखंडो में भी ऐसी समस्याएं सामने आई हैं। कुछ लोगों को आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कोलकाता और रांची तक जाना पड़ा, इसके बावजूद हर मामले में समाधान नहीं हो सका।
ज्ञापन में झाड़ग्राम में वन – स्टॉप आधार समाधान केंद्र स्थापित करने, जरूरत वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र खोलने, आदिवासी बहुल इलाकों में विशेष आधार शिविर लगाने तथा चांदाबिला और भालुकखुलिया में विशेष शिविर आयोजित करने की मांग की गई है।
















Leave a Reply