JHAHIN/2014/58773

कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिला, बेहतर पुलिसिंग का किया आग्रह

Spread the love

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शहर की विधि-व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं, अवैध लॉटरी-सट्टेबाजी, जुए और नशे के कारोबार को लेकर मांग पत्र सौंपा।

मौके पर दूबे ने कहा कि अपराधियों और अवैध कारोबार संचालित करने वालों के विरुद्ध पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करे। साथ ही यह विशेष ध्यान रखा जाए कि कार्रवाई के दौरान निर्दोष नागरिकों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार या अनावश्यक बल प्रयोग न हो। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास प्रभावित होता है और सरकार की छवि पर भी असर पड़ता है। आम नागरिक पुलिस को देखकर सुरक्षित महसूस करें, भयभीत नहीं।

प्रतिनिधिमंडल ने अपराध प्रभावित क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने, तेज रफ्तार तथा नशे में वाहन चलाने पर प्रभावी कार्रवाई करने और अवैध लॉटरी, सट्टेबाजी, जुए एवं नशे के कारोबार की शिकायतों की गोपनीय जांच के लिए विशेष टीम गठित करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में युवा कांग्रेस के सन्नी सिंह, निखिल तिवारी, एनएसयूआई अध्यक्ष सचिन सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह जस्सी, गुरदीप सिंह कक्के , सुशील घोष ,बंटी सिंह,सूरज सिंह, गौरव कुमार और हरिहर प्रसाद  , शत्रुघ्न सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!