जमशेदपुर। विश्व पर्यटन दिवस के विशेष अवसर पर सोमवार को नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के होटल मैनेजमेंट विभाग द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला एवं संवाद सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष के कार्यक्रम का विषय ‘पर्यटन का पुनर्रूपांकन: सतत प्रयास, समृद्ध भविष्य’ रखा गया था। इस कार्यशाला में होटल एवं आतिथ्य उद्योग के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ सतत पर्यटन, भविष्य की रोजगार संभावनाओं और उद्योग की आधुनिक आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख स्तंभ है। आज के समय में विकास के साथ-साथ ‘सतत विकास’ अत्यंत आवश्यक है। हमारा मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें उद्योग की वास्तविक चुनौतियों और आधुनिक कार्यप्रणाली के लिए तैयार करना है। पर्यावरण और स्थानीय संस्कृति को संरक्षित करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देना ही एक समृद्ध भविष्य की कुंजी है।
वहीं कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के असीम अवसर प्रदान करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सतत (टिकाऊ) पर्यटन केवल एक सैद्धांतिक विचार नहीं, बल्कि आने वाले कल की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि छात्रों को कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ सीधे उद्योग विशेषज्ञों के अनुभवों का लाभ मिले, ताकि वे वैश्विक मानकों के अनुरूप खुद को ढाल सकें।
इस ज्ञानवर्धक आयोजन में कुलाधिपति मदन मोहन सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि, कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोजिब अशरफ, अकादमिक सलाहकार प्रो. दिलीप शोम, डीन (प्रशासन) डॉ. राकेश कुमार और डीन (अकादमिक) अभिनव कुमार के साथ-साथ विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















Leave a Reply