झाड़ग्राम। दुर्गापूजा शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न होने के बाद नयाग्राम थाने की ओर से विजय सम्मेलन का आयोजन किया गया। नयाग्राम वाणी विद्यापीठ हाईस्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पुलिस अधिकारियों, अतिथियों और दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राज्य के मंत्री अमिय किस्कू, गोपीबल्लभपुर के एसडीपीओ परवेज सरफराज, नयाग्राम थाना के आईसी रामनारायण पाल, समाजसेवी परमेश्वर मंडल, पंकज मंडल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे। इसके अलावा नयाग्राम थाना क्षेत्र की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था संभालने और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करने के साथ पुलिस प्रशासन एवं पूजा समितियों के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करना था।
पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पूजा मंडपों में सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की सक्रियता और सहयोग से पूरे क्षेत्र में पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई तथा कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना नहीं हुई। इस अवसर पर पूजा आयोजकों ने सफल आयोजन में सहयोग के लिए नयाग्राम थाना पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।












Leave a Reply