JHAHIN/2014/58773

बेटियों को नई उड़ान देने वाले कर्नल अनिल यादव सेवानिवृत्त, साइकिल रैली से लेकर विमानन तक दिलाई राष्ट्रीय पहचान

Spread the love

 4 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी, दुमका के कमान अधिकारी के रूप में दी सेवाएं

दुमका(संतोष झा )। भारतीय सेना में लगभग तीन दशकों की गौरवशाली और समर्पित सैन्य सेवा पूरी करने के बाद कर्नल अनिल यादव 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो गए हैं। कर्नल यादव ने अप्रैल 2025 में 4 झारखंड गर्ल्स बटालियन, एनसीसी, दुमका के कमान अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। अपने छोटे मगर अत्यंत प्रभावशाली कार्यकाल में उन्होंने संथाल परगना क्षेत्र की बालिका कैडेटों के सशक्तीकरण, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सर्वांगीण विकास को एक नई और ऐतिहासिक दिशा दी।

बेटियों को दी नई उड़ान

कर्नल यादव के नेतृत्व में शैक्षणिक संस्थानों में एनसीसी कैडेटों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमित वार्षिक प्रशिक्षण शिविरों का सफल आयोजन किया गया। उनका स्पष्ट मानना था कि एनसीसी सिर्फ वर्दी पहनने और परेड करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को एक जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। कैडेटों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए उन्होंने योग, प्राणायाम, फायरिंग अभ्यास और शारीरिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया। इसके अलावा, बालिका कैडेटों को विमानन क्षेत्र की जानकारी देने और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दुमका स्थित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया, जो ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘ की भावना को धरातल पर उतारने वाला एक सफल प्रयास साबित हुआ।

राष्ट्रीय पटल पर चमकीं दुमका की बेटियां

उनके कार्यकाल के दौरान दुमका की बेटियों ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरी। बटालियन की कैडेटों ने नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर और तिरुचिरापल्ली में आयोजित अंतर-निदेशालय खेलकूद शूटिंग प्रतियोगिता सहित कई राष्ट्रीय शिविरों में हिस्सा लेकर झारखंड का मान बढ़ाया। खुद खेल और फिटनेस के प्रति समर्पित कर्नल यादव एक कुशल बैडमिंटन खिलाड़ी, मैराथन धावक, बाइक राइडर और साइकिलिस्ट हैं। उनकी यही ऊर्जा कैडेटों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रही।

ऐतिहासिक साइकिल रैली और प्रधानमंत्री से सम्मान

कर्नल यादव के कार्यकाल की सबसे ऐतिहासिक उपलब्धि दिसंबर 2025 में आयोजित रांची से नई दिल्ली तक की एनसीसी कैडेटों की साइकिल रैली रही। लगभग 1,300 किलोमीटर की इस साहसिक यात्रा को झारखंड के तत्कालीन राज्यपाल संतोष गंगवार और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची से रवाना किया था। इस रैली का दिल्ली पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद स्वागत और सम्मान किया था, जिसने संथाल परगना के युवाओं में एक नया जोश भर दिया।

सामाजिक सरोकार और भावभीनी विदाई

सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ कर्नल यादव ने एनसीसी को समाज से जोड़ने का भी काम किया। उनके मार्गदर्शन में कैडेटों ने स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आज उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर दुमका और संपूर्ण संथाल परगना का एनसीसी परिवार, शैक्षणिक संस्थान एवं स्थानीय नागरिक उनके अमूल्य योगदान और प्रेरणादायी नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता प्रकट कर रहे हैं। समस्त क्षेत्रवासियों ने कर्नल अनिल यादव को भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन के लिए हार्दिक मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!