आदित्यपुर(चन्द्रशेखर)। लोक आस्था का महापर्व छठ से पहले आदित्यपुर में खरकई नदी के तटों पर कचरे का अंबार लगने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
आदित्यपुर के रोड नंबर 32 स्थित केसरी गैस गोदाम के पीछे तथा वार्ड 28 स्थित छठ घाट जाने वाले रास्ते पर भारी मात्रा में कचरा डंप किया गया है।

स्थानीय लोगों और राजनीतिक नेताओं का आरोप है कि वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण करने के बजाय, नगर निगम द्वारा जेसीबी की मदद से कचरे को वहीं समतल कर दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे बदबू और गंदगी फैल रही है।
खरकाई नदी छठ व्रतियों के लिए आस्था का केंद्र और जीवनदायिनी है। नदी तट पर गंदगी और कचरे से पर्यावरण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी ठेस पहुंच रही है।
इस स्थिति के बाद ‘आस्था से स्वच्छता’ अभियान और विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों द्वारा नगर निगम के सहयोग से कुछ घाटों पर साफ-सफाई का कार्य भी चलाया जा रहा है, लेकिन कई इलाकों में अभी भी व्यवस्था पर गंभीर सवाल बने हुए हैं।
बहरहाल महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालु पवित्र स्नान और भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए इसी खरकाई नदी तट पर एकत्र होते हैं। ऐसे में नदी तट पर लगा यह कचरे का अंबार न केवल जल और पर्यावरण को दूषित कर रहा है, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ भी खिलवाड़ है। लोगों ने निगम पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ स्वच्छता अभियान और घाटों की सफाई का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जीवनदायिनी नदी के किनारे ही कचरा फेंका जा रहा है।













Leave a Reply