JHAHIN/2014/58773

बस्ती के बच्चों के बीच मारवाड़ी युवा मंच ने वितरित की कॉपियां, शिक्षा के प्रति किया जागरूक

Spread the love

जमशेदपुर। सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा की ओर से बस्ती क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बस्ती क्षेत्र के करीब 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच कॉपियों एवं अन्य अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। कॉपी और शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। मंच के सदस्यों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय जाने और भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।मौके पर मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे मजबूत माध्यम है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को यदि समय पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो जाए, तो उन्हें पढ़ाई जारी रखने में काफी मदद मिलती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मंच की ओर से समय-समय पर सेवा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।कार्यक्रम के दौरान मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि “युवाओं का जुनून, समाज का सुकून” के संकल्प के साथ मारवाड़ी युवा मंच समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करना मंच की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष प्रकाश बजाज, सचिव हेमंत गुप्ता, आशीष अग्रवाल, मिलन अग्रवाल, केशव गोयल, नीरज, अमन गोयल, मनीष अग्रवाल, आकाश काबरा, राजकुमार मित्तल, आयुष अग्रवाल सहित शाखा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *