JHAHIN/2014/58773

पहाड़भांगा नदी में नहाने के दौरान 20 वर्षीय युवक डूबा, अंधेरा होने तक नहीं मिला सुराग

Spread the love

पोटका। पोटका थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट पहाड़भांगा नदी में रविवार को नहाने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक के डूबने का मामला सामने आया है। डूबने वाले युवक की पहचान जमशेदपुर के टेल्को आजाद बस्ती निवासी राजू सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, राजू सिंह अपने दोस्तों मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और वीरेंद्र सिंह के साथ रविवार दोपहर करीब तीन बजे पहाड़भांगा पिकनिक मनाने पहुंचा था। पिकनिक के बाद राजू अपने दो दोस्तों मुकेश और राजेश के साथ नदी में नहाने उतरा। नहाने के दौरान राजू धीरे-धीरे गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में साथ नहा रहा एक अन्य दोस्त मुकेश भी गहरे पानी में चला गया, लेकिन वह किसी तरह बाहर निकल आया। वहीं राजू गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस टीम के साथ पहाड़भांगा पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से नदी में राजू की तलाश कराई गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। पानी में डूबने से राजू की मौत की आशंका जताई जा रही है।

थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि घटना की जानकारी राजू के पिता राजेश सिंह को दे दी गई है। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से नदी में राजू की तलाश शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *