खड़गपुर। मानसून के दौरान रात में गश्त के समय रेलवे ट्रैक में खराबी का समय रहते पता लगाकर संभावित रेल दुर्घटना टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले खड़गपुर मंडल के दो ट्रैक मेंटेनरों को सम्मानित किया गया है। खड़गपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय ने दोनों कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। सम्मानित कर्मचारियों में ट्रैक मेंटेनर-III संजीत कुमार घोष और मदन मोहन दास शामिल हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार, 24 और 25 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि दोनों कर्मचारी निर्धारित मानसून नाइट पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान 25 अगस्त को तड़के करीब 1.40 बजे उन्होंने गोकुलपुर-मेदिनीपुर ब्लॉक सेक्शन में अप मेन लाइन पर किलोमीटर संख्या 122/1ए-2ए के निकट प्वाइंट संख्या 37/ए पर ट्रैक में तकनीकी खराबी का पता लगाया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों कर्मचारियों ने तत्काल संबंधित यूनिट प्रभारी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। एहतियात के तौर पर संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित कर दी गई, जिससे ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सका।
रेलवे के अनुसार, दोनों ट्रैक मेंटेनरों द्वारा समय पर सतर्कता और तत्काल सूचना के कारण रेलवे प्रशासन बिना किसी देरी के आवश्यक एहतियाती कदम उठा सका और एक संभावित अप्रिय घटना को टालने में मदद मिली।
दोनों कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने उनकी जिम्मेदारी, सतर्कता और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
संजीत कुमार घोष और मदन मोहन दास की यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा फील्ड ड्यूटी के दौरान निरंतर सतर्कता और जिम्मेदारी के महत्व का उदाहरण प्रस्तुत करती है।













Leave a Reply