JHAHIN/2014/58773

जुगसलाई में हत्या की कथित साजिश की सूचना पर छापेमारी, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की कथित साजिश रचे जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस तथा पूर्व में हुई फायरिंग से संबंधित एक खोखा बरामद किया गया है। 

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में पूर्व से आरोपित सैफ अली उर्फ राज बच्चा, निवासी मिल्लत नगर, महतो पाड़ा रोड, जुगसलाई, अपने सहयोगियों के साथ प्राथमिक विद्यालय (गोलघर स्कूल), मिल्लत नगर के पास हथियार लेकर जमा हुआ है। सूचना में यह भी बताया गया था कि वहां कथित तौर पर सब्बु टाल वाला, जुगसलाई के बेटों की हत्या की योजना बनाई जा रही है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और पांच लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अली उर्फ राज बच्चा, मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया, मो. शहनवाज उर्फ बिगाडू, मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल और मो. नसीम अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान सैफ अली उर्फ राज बच्चा के पास से एक देशी पिस्टल बरामद किया गया। पिस्टल की मैगजीन में दो जिंदा कारतूस लोड थे। जांच के दौरान पुलिस ने 7.65 एमएम के कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया।

पहले भी मिली थी धमकी और फायरिंग की शिकायत

पुलिस के अनुसार, इससे पहले 9 अगस्त 2026 को सैय्यद रिजवान करीम ने जुगसलाई थाना मे सैफ अली उर्फ राज बच्चा के खिलाफ शिकायत की थी। कई मामलों में आरोपित सैफ अली उर्फ राज बच्चा तथा उसके साले मो. अल्तमस और मो. समीर पर जान लेने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख था कि सैफ अली पूर्व में जेल जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जुगसलाई पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कर रही थी।

26 अगस्त को छत से फायरिंग का आरोप

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि 26 अगस्त 2026, ईद मिलाद-उन-नबी के दिन सैफ अली उर्फ राज बच्चा अपने मिल्लत नगर स्थित घर की छत पर कुछ सहयोगियों के साथ मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सब्बु टाल वाला के परिवार को नुकसान पहुंचाने की कथित योजना बनाई जा रही थी। इस दौरान आरोपियों ने  भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से छत से एक राउंड फायरिंग किया था।

पुलिस ने बताया कि जांच के क्रम में देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *