JHAHIN/2014/58773

60 लाख नकद के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार,जांच जारी

Spread the love

खड़गपुर। रेलवे स्टेशन के बैगेज स्कैनर ने बुधवार को नकदी से भरे एक बैग का राज खोल दिया। आरपीएफ की सतर्क नजर पड़ते ही बैग की जांच की गई तो उसमें 60 लाख 55 हजार 440 रुपये नकद मिले। इतनी बड़ी रकम के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर आंध्र प्रदेश के 53 वर्षीय यात्री को रोककर पूछताछ की गई। बाद में बरामद नकदी और संबंधित व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया।

यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत 16 सितंबर को खड़गपुर रेलवे स्टेशन के उत्तर दिशा स्थित नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के बैगेज स्कैनर पर की गई। नियमित जांच के दौरान आरपीएफ पोस्ट खड़गपुर के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने एक बैग में भारी मात्रा में नकदी का पता लगाया। बैग राजामुंदरी, आंध्र प्रदेश निवासी 53 वर्षीय चुक्का किशोर कुमार के पास था।

पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे बैग समेत आरपीएफ पोस्ट लाया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

आरपीएफ ने तत्काल खड़गपुर जीआरपीएस को इसकी जानकारी दी। जीआरपीएस की सलाह पर मामले को आयकर विभाग के संज्ञान में लाया गया। 17 सितंबर को कोलकाता स्थित आयकर निदेशालय (जांच) को इसकी आधिकारिक सूचना भेजी गई।

सूचना मिलने के बाद आयकर निरीक्षक अमित कुमार आरपीएफ पोस्ट खड़गपुर पहुंचे। एएससी/डब्ल्यूएस/खड़गपुर की निगरानी में आयकर अधिकारियों और आरपीएफ कर्मियों की मौजूदगी तथा वीडियोग्राफी के बीच सीलबंद बैग खोला गया। करेंसी काउंटिंग मशीन से नकदी की गिनती की गई, जिसमें कुल ₹60,55,440 पाए गए। नकदी विभिन्न मूल्यवर्ग के नोटों में थी। बाद में संबंधित व्यक्ति और बरामद नकदी को विधिवत पावती के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *