जमशेदपुर। अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार की है। शुक्रवार को जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय में अंतरजिला पुलिस मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में दोनों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और बेहतर पुलिसिंग को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब, सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीय, जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा समेत डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोनों जिलों में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए उनके खिलाफ समन्वित कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में तड़ीपार अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने पर खास जोर दिया गया। जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां की सीमाएं एक-दूसरे से सटी होने के कारण अपराधियों के एक जिले से दूसरे जिले में जाकर छिपने या आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की संभावना बनी रहती है। इसे देखते हुए ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से नजर रखेगी।
अधिकारियों ने अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में दोनों जिलों की पुलिस के बीच तत्काल समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई करने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि दोनों जिलों के बीच बेहतर समन्वय और लगातार सूचनाओं के आदान-प्रदान से अंतरजिला अपराध पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।












Leave a Reply