JHAHIN/2014/58773

सुवर्णरेखा नदी में अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग पर प्रशासन की नजर, संयुक्त अभियान

Spread the love

झाड़ग्राम। सुवर्णरेखा नदी से बालू खनन से लेकर उसके परिवहन तक नियमों के पालन के जांच के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अवैध बालू कारोबार, रॉयल्टी चोरी और ओवरलोडिंग के खिलाफ मंगलवार रात गोपीबल्लभपुर थाना पुलिस और प्रखंड भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग की ओर से संयुक्त अभियान चलाया गया।

गोपीबल्लभपुर-1 ब्लॉक के आशुई इलाके में 9 नंबर राज्य सड़क पर चलाए गए इस अभियान के दौरान बालू लदे कई वाहनों की जांच की गई।अभियान का नेतृत्व गोपीबल्लभपुर के एसडीपीओ परवेज सरफराज ने किया। इस दौरान गोपीबल्लभपुर थाना के आईसी अजय कुमार सिंह, प्रखंड भूमि विभाग के अधिकारी नलिनीकांत हांसदा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने सड़क से गुजर रहे बालू लदे ट्रकों और डंपरों को रोककर चालकों से परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की। विशेष रूप से बालू के चालान, रॉयल्टी जमा करने के प्रमाण और वाहनों में निर्धारित मात्रा से अधिक बालू लदे होने की जांच की गई।

गौरतलब है कि नदी से बालू खनन पर लगी रोक हटने के बाद गोपीबल्लभपुर थाना क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी के विभिन्न वैध बालू घाटों पर दोबारा खनन शुरू हुआ है। ऐसे में प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि घाटों पर सरकारी नियमों और निर्धारित प्रतिबंधों का पालन किया जा रहा है या नहीं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, फर्जी चालान के इस्तेमाल, रॉयल्टी की चोरी, ओवरलोडिंग और बालू घाटों पर नियमों के विरुद्ध खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने के साथ सरकारी राजस्व की हानि रोकना और परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। प्रशासन की ओर से आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण और निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!