JHAHIN/2014/58773

चाय की चुस्कियों में चुनावी चर्चा नहीं, झाड़ग्राम के विकास पर मंथन

Spread the love

अशोक भ्रद की रिपोर्ट

झाड़ग्राम। शहर के पांचमाथा मोड़ पर शनिवार सुबह चाय की चुस्कियों के बीच झाड़ग्राम के विकास को लेकर चर्चा हुई। यहां भाजपा विधायक लक्ष्मीकांत साऊ ने स्थानीय लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ चाय पर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खुद चाय पी और मौजूद लोगों को भी चाय पिलाई। बातचीत के दौरान विधायक ने शहरवासियों की समस्याएं और उनकी जरूरतें जानने के साथ यह भी पूछा कि झाड़ग्राम शहर को और बेहतर बनाने के लिए किन क्षेत्रों में काम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास को लेकर सुझाव मांगे और उनकी बातों को ध्यान से सुना।

कार्यक्रम में चुनावी प्रचार के बजाय शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा केंद्रित रही। सड़क, नागरिक सुविधाओं और शहर के समग्र विकास को लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी बातें रखीं। विधायक ने कहा कि शहर के विकास की योजना बनाने में स्थानीय नागरिकों की राय महत्वपूर्ण है और उनकी अपेक्षाओं को समझना जरूरी है।

आगामी नगरपालिका चुनाव से पहले आयोजित इस चाय संवाद को भाजपा नेतृत्व की ओर से जनसंपर्क की पहल के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस तरह के संवाद के जरिए शहरवासियों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं और विकास संबंधी अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर भाजपा राज्य कमेटी के सदस्य सुखमय सत्पति सहित मंडल स्तर के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *