झाड़ग्राम। लालगढ़ थाना क्षेत्र के कांटापहाड़ी स्थित कुमारबांध मैदान में शुक्रवार शाम फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान अचानक हुए वज्रपात से हितेन मुर्मू नामक युवक की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कुमारबांध मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट चल रहा था। इसी दौरान मौसम बिगड़ने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मैदान में मौजूद कई लोग टेंट के नीचे जमा हो गए। इसी बीच अचानक टेंट पर वज्रपात हो गया। बिजली गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कई लोग झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू कर घायलों को लालगढ़ अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद फुटबॉल टूर्नामेंट रोक दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साऊ शुक्रवार देर शाम लालगढ़ पहुंचे और मृतक के परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद देर रात वह मेदिनीपुर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं शनिवार को विधायक लक्ष्मीकांत साऊ, जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर, पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला समेत प्रशासनिक अधिकारी लालगढ़ पहुंचे। जिलाधिकारी ने मृतक हितेन मुर्मू के परिवार से मुलाकात की और मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये की सहायता प्रदान की।
विधायक ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मृतक की क्षति की भरपाई संभव नहीं है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हितेन के माता-पिता के जीवनयापन के लिए सहायता दी गई है। परिवार की आगे भी प्रशासन की ओर से मदद और निगरानी जारी रहेगी।
मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि घायलों की चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रशासन तत्पर है। क्षेत्र में वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए माइकिंग के जरिए लोगों को वज्रपात के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।













Leave a Reply