चक्रधरपुर मंडल के सभी टीटीई लॉबी के आधुनिकीकरण, एचएचटी की गुणवत्ता सुधारने और रिक्त पदों को भरने की मांग
जमशेदपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में कार्यरत टीटीई एवं टिकट चेकिंग स्टाफ की लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन ने रेलवे प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस संबंध में यूनियन के अपर महासचिव मनोज कुमार सिंह ने दक्षिण पूर्व रेलवे, गार्डन रीच, कोलकाता के अपर महाप्रबंधक को पत्र भेजकर टीटीई स्टाफ की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है।
सोमवार(5 अक्टूबर) को जारी पत्र में यूनियन ने कहा है कि टिकट चेकिंग स्टाफ रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में उन्हें बेहतर कार्य वातावरण, पर्याप्त संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
यूनियन ने चक्रधरपुर मंडल के सभी टीटीई लॉबी के व्यापक नवीनीकरण, आधुनिकीकरण और अपग्रेडेशन की मांग की है। इसके तहत लॉबी भवनों की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के साथ आधुनिक कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लगाने तथा मौजूदा साइन-ऑन और साइन-ऑफ व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है।
लॉबी में बेहतर इंटरनेट और नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने तथा नियमित हाउसकीपिंग और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण एचएचटी उपलब्ध कराने की मांग
यूनियन ने टीटीई को उपलब्ध कराए जा रहे हैंड हेल्ड टर्मिनल की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाया है। पत्र में मौजूदा कम गुणवत्ता वाले और पुराने एचएचटी उपकरणों को हटाकर नवीनतम तकनीक वाले उच्च गुणवत्ता के उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
यूनियन ने कहा है कि एचएचटी के लिए प्रतिष्ठित और विश्वसनीय ब्रांड के उपकरणों का चयन किया जाए। इनमें तेज प्रोसेसर, पर्याप्त रैम और स्टोरेज, लंबे समय तक चलने वाली बैटरी, बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी और उच्च गुणवत्ता वाली टच स्क्रीन होनी चाहिए। साथ ही उपकरणों का इंटरफेस कर्मचारियों के लिए सरल और उपयोग में आसान होना चाहिए।
सभी ट्रेनों में 100 प्रतिशत मैनिंग की मांग
यूनियन ने चक्रधरपुर मंडल में टीटीई स्टाफ की कमी को दूर करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया है। पत्र में कहा गया है कि मंडल में संचालित ट्रेनों की संख्या और वास्तविक परिचालन जरूरत के आधार पर टीटीई स्टाफ की आवश्यकता का तत्काल आकलन किया जाना चाहिए।
यूनियन ने मांग की है कि सभी ट्रेनों में 100 प्रतिशत मैनिंग सुनिश्चित करने के लिए स्वीकृत पदों की संख्या को परिचालन आवश्यकता के अनुरूप बढ़ाया जाए। वर्तमान रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए तथा नई ट्रेनों के परिचालन को देखते हुए भविष्य की जरूरत के अनुसार भी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
यूनियन का कहना है कि पर्याप्त संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं होने से कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ता है। इससे न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है, बल्कि रेलवे के राजस्व से जुड़े कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
यूनियन ने अपर महाप्रबंधक से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने और चक्रधरपुर मंडल के टीटीई एवं टिकट चेकिंग स्टाफ की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने का आग्रह किया है।
















Leave a Reply