JHAHIN/2014/58773

जमशेदपुर की आशिमा कुमार ने जीता प्राइड मिसेज इंडिया 2026 का खिताब

Spread the love

जमशेदपुर। शहर की रहने वाली आशिमा कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन करते हुए प्राइड मिसेज इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया है। दिल्ली के द्वारका स्थित विवांता बाय ताज में आयोजित प्राइड मिसेज इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में आशिमा कुमार ने देशभर से आए करीब 120 प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

प्राइड मिसेज इंडिया 2026 का आयोजन डीके पेजेंट द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता अमन यतन वर्मा बतौर अतिथि एवं होस्ट मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम का संचालन किया। ग्रैंड फिनाले का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 को हुआ।

आशिमा कुमार की राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की यात्रा वर्ष 2025 में सुपर मॉम ऑफ झारखंड प्रतियोगिता से शुरू हुई, जहां उन्होंने विजेता का खिताब हासिल किया। इसके बाद उन्होंने मिसेज झारखंड 2025 प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और वहां भी विजेता बनीं। इसके साथ ही उन्होंने मिसेज टैलेंट ऑफ झारखंड 2025 का खिताब भी अपने नाम किया।

इस मौके पर आशिमा ने कहा कि पूरे देश से आए प्रतिभागियों के बीच झारखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर झारखंड को रिप्रेजेंट करने और क्राउन जीतने का अनुभव उनके लिए बेहद खास और गौरवपूर्ण रहा।

उन्होंने बताया कि प्राइड मिसेज इंडिया की तैयारी के लिए लगभग नौ महीने तक ऑनलाइन ग्रूमिंग कराई गई। इस दौरान प्रतिभागियों को फिटनेस, योग, व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रशिक्षित किया गया। 

आशिमा कुमार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी उल्लेखनीय है। उनकी स्कूली शिक्षा श्यामा प्रसाद हाई स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने जमशेदपुर विमेंस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और आगे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से एमबीए की डिग्री हासिल की।

महिलाओं के लिए संदेश देते हुए आशिमा कुमार ने कहा कि यदि किसी महिला का कोई सपना है तो उसे पूरा करने के लिए उसे हिम्मत और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत करने पर सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा, “सपना वो नहीं है जो आप सोते हुए देखते हैं, सपना वो है जो आपको सोने न दे और आपको सफलता तक पहुंचाए।”

आशिमा कुमार की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शहर और झारखंड में खुशी का माहौल है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!