JHAHIN/2014/58773

समुद्री सुरक्षा पर गहराया संकट: ओमान और ब्लैक सी में जहाजों पर हमला, 11 भारतीय घायल; विदेश मंत्रालय ने जताई कड़ी आपत्ति

Spread the love

नईदिल्ली। वैश्विक समुद्री व्यापारिक मार्गों पर नागरिक बुनियादी ढांचों और वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार बढ़ रहे हमले भारत के लिए गंभीर चिंता का कारण बन गए हैं। विदेश मंत्रालय ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में व्यापारिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। ओमान के तट के पास और ब्लैक सी (काला सागर) में हुए दो अलग-अलग हमलों में कम से कम 11 भारतीय चालक दल (क्रू मेंबर्स) के घायल होने की खबर है, जिसके बाद भारत सरकार समुद्री सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।

ओमान के पास ‘MT On Peace’ पर हमला
विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पहली बड़ी घटना ओमान के तट के पास हॉरमुज जलडमरूमध्य में हुई। यहां पनामा के ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत ‘MT On Peace’ पर एक अज्ञात प्रक्षेप्य से हमला किया गया। इस जहाज पर कुल 19 चालक दल सवार थे, जिनमें से 17 भारतीय नागरिक थे। इस हमले में जहाज के 12 सदस्य घायल हो गए, जिनमें 11 भारतीय नाविक शामिल हैं। ओमान के अधिकारियों की मदद से घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर ओमान के खसाब (Khasab) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

ब्लैक सी में ‘MV Royad Mammadov’ को बनाया निशाना
दूसरी घटना ब्लैक सी क्षेत्र की है, जो रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक खतरनाक युद्धक्षेत्र बन चुका है. यहां वाणिज्यिक जहाज ‘MV Royad Mammadov’ पर हमला हुआ, जिसमें दो विदेशी नाविकों की मौत हो गई और चालक दल के कुछ अन्य सदस्य घायल हो गए। इस पोत पर 3 भारतीय नागरिक भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। रोमानियाई अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से घायल भारतीयों को रोमानिया में चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

भारत का सख्त रुख और समुद्री अलर्ट
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में वाणिज्यिक शिपिंग को निशाना बनाना वैश्विक वाणिज्य और लोगों के कल्याण को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। भारत सरकार ने क्षेत्र में तनाव को तुरंत कम करने, अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत सुरक्षित नेविगेशन बहाल करने और कूटनीति के जरिए शांति स्थापित करने की अपील की है। इन जुड़वां हमलों के बाद, भारतीय नौसेना और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां हिंद महासागर और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों पर गश्त व निगरानी बढ़ाने के लिए मुस्तैद हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!