सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने DRM तरुण हुरिया से की मांग, रेल मंत्रालय को लिखित जानकारी देने का आश्वासन
जमशेदपुर। टाटानगर से चलने वाली ट्रेनों की मांगों को लेकर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया भी मौजूद रहे। इस दौरान सिख समाज की ओर से टाटानगर से जम्मू तवी और जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।कमेटी ने मांग की कि टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस का परिचालन सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन किया जाए। वहीं, टाटानगर से चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को नवंबर से फरवरी तक रद्द किए जाने के निर्णय को वापस लेने की भी मांग की गई।सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि दोनों ट्रेनें बड़ी संख्या में यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। जम्मू तवी एक्सप्रेस के सप्ताह में केवल तीन दिन चलने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के कई महीनों तक रद्द रहने से भी यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। ऐसे में रेल प्रशासन को यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।बैठक के दौरान डीआरएम तरुण हुरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मांगों से संबंधित जानकारी रेल मंत्रालय को लिखित रूप से भेज दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में जल्द ही आगे की कार्रवाई हो सकती है।डीआरएम के सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के कार्यालय पहुंचने पर सिख समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।














Leave a Reply