JHAHIN/2014/58773

अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का खुलासा, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार; तीन किशोर निरुद्ध

Spread the love

30 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात आई सामने, देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो मोबाइल बरामद

जमशेदपुर। शहर में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिरसानगर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान साकची थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर, सोहन सिंह बगान निवासी यश दास (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एक किशोर ने अपनी सुरक्षा के लिए 30 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात स्वीकार की है।

गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:20 बजे गुप्त सूचना मिली कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास कुछ युवक अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं।

इसके बाद बिरसानगर थाना प्रभारी पांडू सामड समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। रात करीब 8:30 बजे फुटबॉल मैदान के पास बैठे एक युवक और तीन किशोरों को पकड़ लिया गया।

तलाशी में पिस्टल और गोलियां बरामद

पकड़े गए लोगों की तलाशी के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोर के पास से 7.62 एमएम की एक देसी पिस्टल बरामद हुई। वहीं, दूसरे किशोर के पास से 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस ने मौके से दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

युवक जेल भेजा गया, किशोर बाल सुधार गृह भेजे गए

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार यश दास को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!