हंसडीहा/गंगवारा। दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गंगवारा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में काम कराने गए एक प्रभारी प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) के साथ मारपीट का हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है। आरोप है कि बैंक के शाखा प्रबंधक (मैनेजर) ने हेडमास्टर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनका हाथ टूट गया और वे लहूलुहान हो गए। पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 108/26 के तहत एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, छोटी रणबहियार के प्रभारी प्रधानाध्यापक उपेंद्र पांडे सोमवार को स्कूल के विभिन्न बैंक खातों के सरकारी काम के सिलसिले में गंगवारा एसबीआई (SBI) शाखा पहुंचे थे। पीड़ित हेडमास्टर का आरोप है कि काउंटर पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर शाखा प्रबंधक गौरव मिश्रा आपा खो बैठे।
कपड़े फाड़े, पैर से बहा खून और टूट गई हाथ की हड्डी!
थाने में दिए गए लिखित आवेदन में हेडमास्टर उपेंद्र पांडे ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बैंक मैनेजर गौरव मिश्रा ने उनके साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि मारपीट कर उनके कपड़े तक फाड़ दिए। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं, पैर से खून बहने लगा और हाथ की हड्डी टूट गई है।
दूसरी तरफ, आरोपी बैंक मैनेजर गौरव मिश्रा ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मैनेजर का दावा है कि हेडमास्टर उपेंद्र पांडे उन पर नियमों के खिलाफ जाकर अनुचित तरीके से काम करने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया, तो उन्हें फंसाने और दबाव में लाने के लिए यह झूठा आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पुलिस की जांच पर टिकी निगाहें
एक तरफ लहूलुहान और टूटे हाथ के साथ न्याय की गुहार लगाते हेडमास्टर हैं, तो दूसरी तरफ खुद को बेकसूर बताते बैंक मैनेजर। फिलहाल हंसडीहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस की तफ्तीश और बैंक के सीसीटीवी फुटेज से ही साफ हो पाएगा कि यह वाकई बैंक मैनेजर की दबंगई थी या फिर किसी साजिश का हिस्सा।














Leave a Reply