JHAHIN/2014/58773

खुदीराम बोस की प्रतिमा को बहनों ने लगाया भाई फोंटा, शहीद की स्मृतियों से भावुक हुआ आयोजन

Spread the love

मेदिनीपुर। देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले महान क्रांतिकारी शहीद खुदीराम बोस को 1908 में भाई फोंटा लेने का अवसर नहीं मिल पाया था। देशमाता की पुकार पर उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया था। उनकी मातृतुल्य बड़ी बहन अपरूपा देवी भी अपने प्रिय भाई के माथे पर फिर कभी फोंटा नहीं लगा सकीं। इसी अधूरी इच्छा और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी मेदिनीपुर शहर के हबीबपुर स्थित खुदीराम बोस की जन्मस्थली पर भाई फोंटा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘मेदिनीपुर डॉट इन‘ की ओर से किया गया।

संस्था के कर्णधार अरिंदम भौमिक ने बताया कि अपरूपा देवी की ओर से सबसे पहले उनके पौत्रवधू ममता राय ने खुदीराम बोस की प्रतिमा के माथे पर फोंटा लगाया। इसके बाद सुतपा राय और रिंकी भौमिक ने भी फोंटा अर्पित किया। इस दौरान शहीद खुदीराम बोस के पारिवारिक इतिहास और उनके बलिदान को याद किया गया।

उल्लेखनीय है कि इसी घर में अपरूपा देवी ने बचपन में अपनी मां से तीन मुट्ठी खुदी (चावल के छोटे टुकड़े) के बदले अपने छोटे भाई खुदीराम को अपने पास रखने के लिए लिया था। इसी घटना से उनके नाम खुदीराम की कहानी भी जुड़ी हुई है। कार्यक्रम में परिवार के अन्य सदस्यों के अलावा अपरूपा देवी के पौत्र सुब्रत राय तथा प्रपौत्र सात्विक राय, सार्थक राय और सप्तक राय भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर अरिंदम भौमिक ने खुदीराम बोस की जन्मस्थली को लेकर एक महत्वपूर्ण मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि 1990 के दशक की शुरुआत में किसी अज्ञात कारण से सरकारी दस्तावेजों में खुदीराम बोस की जन्मस्थली मेदिनीपुर शहर के हबीबपुर के स्थान पर केशपुर के मोहबनी के रूप में दर्ज कर दी गई थी। इस त्रुटि को सुधारने के लिए उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार के समक्ष आवश्यक दस्तावेजों और ऐतिहासिक प्रमाणों के साथ आवेदन किया है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इस त्रुटि को सुधारकर हबीबपुर को खुदीराम बोस की जन्मस्थली के रूप में पुनः स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!