JHAHIN/2014/58773

पिछले साल एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से हुई थी मौत, इस बार विश्वास घाट पर छठ पूजा पर रोक

Spread the love

स्वर्णरेखा नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई को देखते हुए पुलिस का एहतियाती फैसला, 14 से 16 नवंबर तक घाट जाने वाले रास्ते पर रहेगी बैरिकेडिंग

चांडिल। पिछले साल छठ पूजा के दौरान स्वर्णरेखा नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की दर्दनाक घटना से सबक लेते हुए चांडिल पुलिस ने इस बार सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाया है। शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट को छठ पूजा के लिए असुरक्षित घोषित करते हुए वहां पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने पर रोक लगा दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह के अर्घ्य तक घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद रखा जाएगा।

बुधवार को पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह एवं चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ चांडिल थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान शहरबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी छठ घाट, शहरबेड़ा विश्वास घाट तथा जयदा मंदिर के समीप स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, पानी की गहराई, तेज बहाव और घाटों पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया।

निरीक्षण के क्रम में शहरबेड़ा स्थित विश्वास घाट की स्थिति को श्रद्धालुओं के लिए जोखिमपूर्ण पाया गया। यहां नदी का बहाव काफी तेज है और पानी की गहराई भी अधिक है। अधिकारियों ने पिछले वर्ष इसी घाट पर एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबने से हुई मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए इस बार किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने का निर्णय लिया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूजा समिति के सदस्यों को घाट पर छठ पूजा आयोजित नहीं करने की जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने पूजा समिति से कहा कि वे आसपास के ग्रामीणों और छठ व्रतियों को घाट की खतरनाक स्थिति के बारे में जागरूक करें, ताकि कोई भी श्रद्धालु अनजाने में वहां न पहुंचे। इसके लिए 14 नवंबर से 16 नवंबर की सुबह के अर्घ्य तक घाट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की जाएगी।

इस दौरान पूजा समिति के सदस्य रामायण यादव, मनोज राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे। पुलिस ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा विश्वास घाट पर जाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is Twister !!