डॉ. अजय शुक्ल के संयोजन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में अमेरिका समेत देशभर के शिक्षाविदों ने रखे विचार
दुमका। राजनीति की मर्यादा, संविधान की समझ और साहित्य की संवेदनशीलता जब एक व्यक्तित्व में समाहित हो जाए, तो वह व्यक्तित्व समय की सीमाओं से परे अपनी पहचान बना लेता है। पं. केशरीनाथ त्रिपाठी ऐसी ही बहुआयामी शख्सियत थे। उनकी जन्मजयंती पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में देश-विदेश के विद्वानों, साहित्यकारों और शिक्षाविदों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन, साहित्यिक योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया।
सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस के पूर्व कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अजय शुक्ल के संयोजन में आयोजित इस वेबिनार में विभिन्न विश्वविद्यालयों से जुड़े शिक्षाविदों ने ऑनलाइन सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. शुक्ल ने पं. त्रिपाठी को साहित्य, संस्कृति, विधि और राजनीति का अद्भुत संगम बताया।

जनसेवा और साहित्यिक चेतना का प्रेरक व्यक्तित्व
कार्यक्रम का शुभारंभ दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी के मंगलाचरण एवं वक्तव्य से हुआ। वेबिनार की अध्यक्षता कर रहीं पूर्व प्रतिकुलपति, प्राचार्या एवं जनजातीय समाज की प्रतिष्ठित हस्ताक्षर डॉ. प्रमोदनी हांसदाक ने कहा कि पं. त्रिपाठी का जीवन साहित्यिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचार और कार्य हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
पांच राज्यों के राज्यपाल, तीन बार रहे विधानसभा अध्यक्ष
मुख्य अतिथि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के डीन (छात्र कल्याण), मालवीय मिशन के निदेशक एवं भारतीय हिंदी परिषद के उपसभापति प्रो. अवधेश कुमार ने कहा कि पं. केशरीनाथ त्रिपाठी को केवल एक राजनेता के रूप में देखना उनके व्यक्तित्व को सीमित करना होगा। वे संविधान के गहरे जानकार होने के साथ संवेदनशील कवि भी थे। तीन बार विधानसभा अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने और पश्चिम बंगाल, मेघालय, बिहार, त्रिपुरा तथा मिजोरम के राज्यपाल का दायित्व संभालने के दौरान उन्होंने सार्वजनिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
राजनीति में तर्क, साहित्य में संवेदना का संगम
विशिष्ट अतिथि नीरज त्रिपाठी ने उन्हें सादगी, जनसेवा और समर्पण का प्रतीक बताया। कविता त्रिपाठी ने उनके धर्मनिष्ठ, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित और प्रेरणादायी व्यक्तित्व से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं।
संयुक्त राज्य अमेरिका के सैन जोस स्टेट यूनिवर्सिटी की विजिटिंग स्कॉलर डॉ. नीलम जैन ने कहा कि पं. त्रिपाठी का जीवन इस बात का प्रमाण है कि एक व्यक्ति एक साथ कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का सार्थक उपयोग कर सकता है। उनके व्यक्तित्व में राजनीति और साहित्य के साथ तर्क एवं संवेदना का अद्भुत संतुलन दिखाई देता है।
संसदीय लोकतंत्र की गरिमा को किया मजबूत
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, वाराणसी के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. देवनारायण पाठक ने संस्कृत श्लोकों के माध्यम से उनके जीवन दर्शन और व्यक्तित्व को रेखांकित किया। प्रयागराज के साहित्यकार डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ता, मंत्री, राज्यपाल और तीन बार निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पं. त्रिपाठी ने संसदीय लोकतंत्र की गरिमा तथा स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं को मजबूती प्रदान की।
बीआरएस पीजी कॉलेज, प्रयागराज के प्राचार्य डॉ. इंदु प्रकाश मिश्र ‘इंदु जमदग्निपुरी‘ ने वर्ष 1995 के हिंदी साहित्य सम्मेलन से जुड़ी अपनी पहली मुलाकात का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कवि होने के नाते पं. त्रिपाठी उनके लिए पितृतुल्य थे। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के डॉ. प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि उनका व्यक्तित्व राजनीति की मर्यादा, न्याय की निष्पक्षता और साहित्य की संवेदनशीलता का दुर्लभ समन्वय था। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
विद्वानों ने स्मृतियों के जरिए दी श्रद्धांजलि
वेबिनार में दुमका के वरिष्ठ समाजसेवी श्याम सुंदर सिंह ने पं. त्रिपाठी के जीवन में संविधान और जनता की सेवा को सर्वोच्च स्थान दिए जाने की बात कही। बरेली के प्रशासनिक पदाधिकारी नरेंद्र कुमार शुक्ल ने उन्हें संवेदनशील साहित्यकार बताते हुए उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में जितेंद्र कुमार शाह, यूपीआरटीओयू के शोधार्थी अभिषेक शुक्ल, अनिमेष शुक्ल, निरुपमा हांसदा, साधन मंडल, रेनू, आलोक मनोहर टुडू, राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित अंकित पांडेय और जतिन कुमार सहित अनेक प्रबुद्धजन शामिल हुए।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पं. केशरीनाथ त्रिपाठी का जीवन इस बात की मिसाल है कि सत्ता के सर्वोच्च पदों पर रहते हुए भी साहित्य, संस्कृति, संवेदना और जनसेवा के मूल्यों को जीवित रखा जा सकता है। उनके विचार और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक दिशा देते रहेंगे।













Leave a Reply