सरायकेला। नीमडीह प्रखंड के तिल्ला पंचायत भवन परिसर में गांव गणराज्य संगठन की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गांव के पारंपरिक सरदार सह गांव गणराज्य प्रखंड सचिव (नीमडीह) जन्मेंजय सिंह ने की।
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि 29 अगस्त को गांव गणराज्य लोक समिति कोल्हान संगठन के संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार के साथ नीमडीह सीओ द्वारा अभद्र भाषा और गाली-गलौज की घटना हुई थी। और उन्हें अपमानित किया गया। इसी घटना को लेकर तिल्ला पंचायत में ग्राम सभा और संगठन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से सीओ के विरोध में प्रस्ताव पारित किया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने और 8 सितंबर मंगलवार को नीमडीह प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि नीमडीह सीओ द्वारा आदिवासी ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। सरकारी अधिकारियों और राज्य सरकार के ढीले रवैये के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि नीमडीह अंचल अधिकारी के दुर्व्यवहार की शिकायतों पर जिला उपायुक्त द्वारा अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनका मनोबल बढ़ रहा है।
बैठक में गांव गणराज्य प्रखंड चांडिल के सचिव देबूराम मांझी और गांव गणराज्य के पूर्व नीमडीह प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत कुमार, अनिता सरदार, शुक्राचार्य सिंह, सहदेव मांझी, हरिचरण टुडू, रूप सिंह सरदार, महादेव सिंह, अरुण सिंह और संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार सहित चांडिल एवं नीमडीह प्रखंड के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।













Leave a Reply