जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को और मजबूत करने की दिशा में पुलिस विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने 40 नए हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों को जमशेदपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। नए वाहनों के मिलने से पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहले की तुलना में और तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी।
मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इससे पहले भी जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 51 वाहनों को उपलब्ध कराया गया था। अब अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए 40 और वाहनों को पुलिस के बेड़े में शामिल किया जा रहा है। इन वाहनों का मुख्य उद्देश्य शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस की नियमित गश्ती बढ़ने से अपराधियों पर भी लगातार दबाव बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा जमशेदपुर पुलिस के पास 89 हाई एंड और तेज रफ्तार तकनीक से लैस मोटरसाइकिलें भी हैं। इन मोटरसाइकिलों को शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी इन वाहनों के जरिए लगातार पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
एसएसपी ने बताया कि सभी नए वाहनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इनमें सायरन और हूटर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, जिससे आपात स्थिति में पुलिस टीम को तेजी से घटनास्थल तक पहुंचने में मदद मिलेगी। हाई स्पीड और बेहतर तकनीक वाले इन वाहनों के कारण पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम को कम करने का प्रयास किया जा रहा है. इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा, क्योंकि किसी भी घटना की सूचना पर पुलिस पहले से अधिक तेजी के साथ कार्रवाई कर सकेगी।













Leave a Reply