सरायकेला। चांडिल अनुमंडल में कथित अवैध बालू खनन एवं परिवहन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड आंदोलनकारी परिवार से जुड़ीं मधुश्री महतो ने एक पूर्व नेता सह ग्राम प्रधान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्षों तक कथित अवैध बालू कारोबार पर चुप रहने वाले लोग अब चुनाव नजदीक आते ही खुद को जनता का हितैषी बताने में जुट गए हैं।मधुश्री महतो ने आरोप लगाया कि पिछले चार-पांच वर्षों के दौरान सुवर्णरेखा नदी से रात के अंधेरे में जेसीबी, हाइवा और ट्रैक्टर के माध्यम से कथित रूप से बालू का अवैध खनन एवं परिवहन होता रहा, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने कभी इसके खिलाफ आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि अब जनता सवाल पूछ रही है कि उस समय चुप्पी क्यों साधी गई।उन्होंने संबंधित पूर्व नेता पर चावल की कथित हेराफेरी, ट्रैक्टर जब्ती समेत विभिन्न गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप लगने का दावा किया। साथ ही रसोई गैस डीलरशिप को लेकर भी शिकायतों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की सच्चाई पुलिस एवं संबंधित विभागों के रिकॉर्ड से सामने आनी चाहिए।मधुश्री ने आरोप लगाया कि कुकड़ू प्रखंड के पारगामा स्थान के नाम पर गैस एजेंसी प्राप्त करने के बाद उसका गोदाम और शोरूम दूसरे स्थान पर संचालित किए जाने की शिकायत भी सामने आई है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।उन्होंने 12 जुलाई 2025 को सिरुम शहीद चौक पर ग्रामीणों द्वारा दो हाइवा पकड़े जाने की घटना का उल्लेख करते हुए मामले में तत्कालीन गतिविधियों और प्रशासनिक भूमिका की भी जांच की मांग की। वहीं, 18 जुलाई 2025 को कुकड़ू में हुए पुतला दहन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बालू के मुद्दे पर राजनीति की गई, जबकि कथित अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के वास्तविक मामलों पर चुप्पी साधी गई।मधुश्री महतो ने प्रशासन से पिछले पांच वर्षों में बालू खनन एवं परिवहन, जब्त वाहनों, जेसीबी मशीनों, चालान, राजस्व और संबंधित शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन से लेकर राज्यपाल तक लिखित शिकायतें करती रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली” वाली राजनीति अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि “चोर मचाए शोर” की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी।जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका राजनीतिक जवाब देगी।
अवैध बालू कारोबार को लेकर मधुश्री महतो का पूर्व नेता पर हमला, पांच साल के कारोबार की उच्चस्तरीय जांच की मांग













Leave a Reply